हमारी सरकार छात्र हितैषी सरकार है : श्याम बिहारी जायसवाल

हमारी सरकार छात्र हितैषी सरकार है : श्याम बिहारी जायसवाल

रायपुर

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान NEET UG 2026 की छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय काउंसलिंग को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार का संकल्प स्पष्ट है कि *”छत्तीसगढ़ के एक भी पात्र विद्यार्थी के हक की सीट प्रभावित न हो।”* छत्तीसगढ़ के स्थानीय पात्र विद्यार्थियों के हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और नियमानुसार संपादित की जाएगी।

मंत्री श्री जायसवाल ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ राज्य कोटे की सभी सीटों पर छत्तीसगढ़ के मूल निवासी और पात्र विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। बाहरी राज्य के या अपात्र लोगों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फर्जी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र या किसी भी प्रकार की गलत जानकारी देकर प्रवेश लेने का प्रयास करने वालों के दस्तावेजों का सूक्ष्मता से सत्यापन किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और प्रवेश निरस्त किया जाएगा।

मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि इस बार काउंसलिंग की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और मेरिट के आधार पर की जाएगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या सिफारिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि हमारी सरकार छात्र हितैषी सरकार है। पिछले वर्षों में जिस तरह फर्जी तरीके से सीटें हथियाने की शिकायतें आती थीं, उस पर अब पूरी तरह अंकुश लगा दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम हर दस्तावेज का भौतिक सत्यापन करेगी। उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में न आएं और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।

इस दौरान पत्रकार वार्ता में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *