बिलासपुर
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, कार्यालय बिलासपुर द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, राजकिशोर नगर के सहयोग से विद्यालय परिसर में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो के कार्यालय प्रभारी श्री के.वी. गिरी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के समय देश में विद्यमान 562 से अधिक देशी रियासतों के भारतीय संघ में एकीकरण में सरदार पटेल ने अत्यंत महत्वपूर्ण एवं निर्णायक भूमिका निभाई। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल प्रशासनिक क्षमता के परिणामस्वरूप भारत की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ आधार प्राप्त हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों से सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्री गिरी ने ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।

विद्यालय के प्राचार्य श्री भूपेन्द्र गौरहा ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय एकता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य श्री रमाकांत मिश्रा, श्री नवल सर सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Author Profile

Latest entries
छत्तीसगढ़2026.10.31राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बिलासपुर2026.10.28चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के मद्देनजर 29 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित
छत्तीसगढ़2026.10.27पामगढ़ विधायक के प्रयास से किसानों को मिली राहत
CRICKET2026.10.27अभिषेक शर्मा द्वारा 38 गेंदों में 113 रन हर गेंद का हाल..देखिए वीडियो
