रायपुर,
05 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और कुपोषण उन्मूलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायपुर जिले में “हर घर मुनगा” अभियान के तहत एक ऐतिहासिक वृक्षारोपण महाअभियान चलाया जा रहा है। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रायपुर द्वारा 05 अगस्त 2026 को जिलेभर में रिकॉर्ड 50 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है।
केंद्र सरकार के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से प्रेरित इस जनभागीदारी आधारित पहल को स्थानीय स्तर पर “हर घर मुनगा” नाम दिया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले की सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय परिसरों एवं हितग्राही परिवारों के घरों में पौधारोपण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जिले को हरित एवं स्वच्छ बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और कुपोषण के खिलाफ चल रहे प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाना है।
इस अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष रूप से “पोषण वाटिका” विकसित की जा रही है। इनमें मुनगा (सहजन), नींबू, अमरूद, पपीता, कढ़ी पत्ता, कटहल, केला, आम, जाम तथा आंवला जैसे फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए जा रहे हैं। इन पौधों से प्राप्त होने वाले फल एवं पौष्टिक पत्तियों का उपयोग भविष्य में आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं के पूरक पोषण आहार में किया जाएगा, जिससे उनके पोषण स्तर में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
अभियान की विशेषता इसकी जनभागीदारी और भावनात्मक थीम “एक पौधा महतारी के शान में, हरियाली छत्तीसगढ़ की शान में” है। इस थीम के माध्यम से विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं तथा आम नागरिक अपनी माताओं के सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ पौधारोपण में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि लगाए गए पौधे स्वस्थ वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण और पोषण सुरक्षा के स्थायी आधार बन सकें।
रायपुर जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) ने बताया कि “हर घर मुनगा” अभियान केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, पोषण सुरक्षा और जनभागीदारी का एक व्यापक जनआंदोलन है। जिले में लगाए जा रहे 50 हजार पौधे आने वाले वर्षों में रायपुर को अधिक हरित, स्वच्छ और कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विभाग की पूरी टीम और आमजन के सहयोग से यह अभियान सतत विकास एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।
Author Profile

Latest entries
छत्तीसगढ़2026.11.04जनादेश का सम्मान लोकतंत्र की पहली शर्त..हारने पर ईवीएम को दोष देना कांग्रेस की दोहरी राजनीति : अजय चंद्राकर
छत्तीसगढ़2026.11.03बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला करेंगे रेडक्रॉस मेडिकल शॉप एवं प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र का शुभारंभ
छत्तीसगढ़2026.11.03सहकारी समितियों के कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला 4 एवं 5 नवंबर को
रायपुर2026.11.03केदारनाथ गुप्ता बने छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष..शिव नारायण पाण्डेय को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
