दर्दनाक हादसा: छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर; धनतेरस की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में दो की मौत

दर्दनाक हादसा: छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर; धनतेरस की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में दो की मौत

बेमेतरा।  छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में धनतेरस की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बेमेतरा-कवर्धा मार्ग पर सतनाम चौक के पास तेज रफ्तार कार ने दो अन्य कारों और एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला और एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि एक परिवार गिरौदपुरी धाम से दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी समेत अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा भिड़ी।

हादसे में महिला और युवक की मौत

शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृत युवक की पहचान बेमेतरा निवासी लक्की देशलहरे के रूप में हुई है। वहीं, मृत महिला ग्राम सोड़ की निवासी बताई जा रही है। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नशे में वाहन चलाने की आशंका

हादसे के बाद चालक के कथित तौर पर नशे में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और चालक की स्थिति की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

धनतेरस के दिन हुए इस हादसे से दो परिवारों में मातम छा गया। फिलहाल घायलों की स्थिति और दुर्घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *