रायपुर
30 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ शासन ग्रामोद्योग विभाग के सहयोग से 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक रायपुर स्थित द वाहे, विधानसभा रोड में “द लोकल मेकर्स मार्केट – 2026” का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर ग्रामोद्योग विभाग द्वारा विशेष “बस्तर पवेलियन” की स्थापना की जाएगी। पवेलियन में बस्तर अंचल की विश्वप्रसिद्ध ढोकरा शिल्प, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प, जनजातीय कलाकृतियां एवं हाथकरघा बुनकरों का आकर्षक प्रदर्शन किया जाएगा।
तीन दिवसीय इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से 80 से अधिक हस्तशिल्प उद्यमी एवं कलाकार अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे। ग्रामोद्योग विभाग द्वारा आयोजन में 20 स्टाल लगाए जाएंगे। इससे प्रदेश के शिल्पकारों को नए बाजार, संभावित खरीदारों एवं डिज़ाइन विशेषज्ञों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्री राजेश सिंह राणा ने कहा कि बस्तर की हस्तशिल्प परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। राज्य शासन निरंतर ऐसे प्रयास कर रहा है, जिससे स्थानीय कारीगरों को उनकी कला के अनुरूप पहचान एवं सम्मान प्राप्त हो तथा उनकी आय में वृद्धि हो।
उन्होंने कहा कि “बस्तर पवेलियन” के माध्यम से प्रदेश के शिल्पकारों की उत्कृष्ट कला को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। राज्य शासन पारंपरिक हस्तशिल्प के संरक्षण, संवर्धन एवं विपणन को प्राथमिकता देते हुए कारीगरों को आधुनिक बाजार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजन छत्तीसगढ़ को देश के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं हस्तशिल्प केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक होंगे।
आयोजन के दौरान आगंतुकों को हस्तशिल्प उत्पादों के प्रदर्शन के साथ-साथ विभिन्न कलाओं के सजीव प्रदर्शन, कार्यशालाएं, पारंपरिक व्यंजन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
विभाग ने प्रदेशवासियों, कला प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं हस्तशिल्प उत्पादों में रुचि रखने वाले सभी नागरिकों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर स्थानीय शिल्पकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
कार्यक्रम विवरण
तिथि : 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026
समय: दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक
स्थान: द वाहे (The Vaahe), अंबुजा मॉल के सामने, विधानसभा रोड, रायपुर
Author Profile

Latest entries
उप मुख्यमंत्री2026.11.01राज्योत्सव में सजेगी सुर, संगीत और संस्कृति की महफिल
बिलासपुर2026.11.01पत्रकारों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत : तिलकराज सलूजा
प्रेस क्लब2026.10.31बिलासपुर प्रेस क्लब की पहल पर अपोलो हॉस्पिटल में 1 नवंबर को मेगा हेल्थ चेकअप कैंप
छत्तीसगढ़2026.10.31राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
