बिलासपुर,/1 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा के सम्मान में आभार प्रदर्शन एवं सम्मान समारोह गरिमामय एवं भावपूर्ण वातावरण में उच्च न्यायालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आयोजित किया गया। समारोह में माननीय न्यायाधीशगण, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री में पदस्थ न्यायिक अधिकारीगण तथा उच्च न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा के कार्यकाल को स्मरण करते हुए उनके दूरदर्शी नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता तथा कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण का उल्लेख किया। उनके तीन वर्ष से अधिक के कार्यकाल में उच्च न्यायालय की कार्यप्रणाली को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आर्काइव एवं डिजिटाइजेशन सेंटर, झूलाघर के उन्नयन, डिस्पेंसरी के विस्तार, आवासीय सुविधाओं तथा कर्मचारी कॉलोनी में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी गई।
इस दौरान विभिन्न पदों पर नियुक्ति, पदोन्नति एवं स्थायीकरण की कार्यवाही के साथ राष्ट्रीय पर्वों, महिला दिवस, दीपावली सहित अन्य अवसरों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित कर उच्च न्यायालय परिवार में आत्मीयता एवं सौहार्द की भावना को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। उच्च न्यायालय के सिल्वर जुबली समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा नवीन सभागार के निर्माण हेतु भूमिपूजन को भी उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में याद किया गया।
मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा ने अपने आशीर्वचनों में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने जीवन एवं कार्य के प्रति सजग रहते हुए निरंतर प्रगतिशील रहने का संदेश दिया।
समारोह में रजिस्ट्री परिवार की ओर से मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा के प्रति आभार एवं सम्मान व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की मंगलकामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में किए गए उल्लेखनीय कार्य एवं कर्मचारी हित में लिए गए निर्णय सदैव स्मरणीय रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की कर्मचारी श्रीमती यामिनी पाटनवार ने किया। मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल के विवरण का प्रस्तुतीकरण कु. निलिमा साहू द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन श्री अभिनव गौरहा ने किया।
Author Profile

Latest entries
कलेक्टर2026.10.27तूफान की आशंका पर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने कहा—हर परिस्थिति से निपटने की तैयारी रखें
बिलासपुर2026.10.24शरद पूर्णिमा पर ‘कविता चौपाटी से…’ का कवि सम्मेलन संपन्न, रचनाओं ने बांधा समां
छत्तीसगढ़2026.10.24भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी व सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू का 25 व 26 को छत्तीसगढ़ प्रवास
कवर्धा2026.10.20खप्पर निकालना: यह परंपरा पूरे भारत में अद्वितीय है, पहले कोलकाता और दंतेवाड़ा में भी प्रचलित थी, लेकिन आज यह कवर्धा की पहचान है video
