रायपुर
भारतीय जनता पार्टी के एकात्म परिसर स्थित कार्यालय में “हर घर तिरंगा अभियान“ एवं “तिरंगा यात्रा“ को लेकर रायपुर शहर व ग्रामीण जिला भाजपा की आवश्यक बैठक गुरुवार को आहूत की गई। बैठक को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक तिरंगे को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में “हर घर तिरंगा अभियान“ बड़े उत्साह के साथ चलाया जा रहा है। यह अभियान भारत की आजादी के गौरव को घर-घर तक पहुँचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर घर पर तिरंगा फहराकर हम उन वीर शहीदों को नमन करते हैं जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। भाजपा के सभी कार्यकर्ता गांव-गांव, गली-गली जाकर नागरिकों को तिरंगा वितरित करेंगे और उन्हें अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करेंगे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह भारतवासियों में ध्वज के प्रति सम्मान व देश के प्रति देश भक्ति की भावना जगाने में मदद करेगा। इस अभियान के दौरान कई प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के साथ हमारे संबंध को गहरा करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हर भारतीय के लिए एक महापर्व है। भारत में रहने वाला हर व्यक्ति देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत है। हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा जैसे देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन से आम जनमानस भी जुड़ना पसंद करता है। तिरंगा यात्रा में युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा की भागीदारी सुनिश्चित की गई है ताकि इस अभियान में युवा और महिलाओं को जागृत किया जा सके।
*10 अगस्त से 14 अगस्त, 2026 तक भव्य तिरंगा यात्रा : यशवंत जैन*
भाजपा प्रदेश महामंत्री और हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक यशवन्त जैन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ हर घर तिरंगा अभियान आज राष्ट्र भक्ति के जन आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। श्री जैन ने बताया कि इस वर्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार व प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के आह्वान पर पार्टी के सभी कार्यकर्ता व्यापक भागीदारी करते हुए हर घर तिरंगा तथा तिरंगा यात्रा अभियान में 11 से 15 अगस्त, 2026 तक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रत्येक घर, सभी प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने हेतु जनजागरण किया जाएगा। युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति एवं संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरुकता लाई जाएगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्र निर्माताओं के योगदान का स्मरण करने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र के विकास एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ा जाएगा और राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं “एक भारत-श्रेष्ठ भारत“ की भावना को सुदृढ़ किया जाएगा। 10 अगस्त से 14 अगस्त, 2026 तक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन कर पार्टी के कार्यकर्ता इसमें अधिक-से-अधिक जन भागीदारी सुनिश्चत करेंगे। इसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा की भूमिका तिरंगा यात्रा में अग्रणी होगी।
*भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शांति और सद्भाव का प्रतीक है : अखिलेश सोनी*
भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के लिए हम सभी लगातार मेहनत करेंगे। घरों में तिरंगा लगाने के लक्ष्य को सबकी सहभागिता से पूरा करना है। हर घर तिरंगा अभियान में प्रभावी व्यक्तियों को जोड़कर उनका सम्मान भी किया जाएगा। हर घर तिरंगा अभियान की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरुआत की है। गुलामी से समाज में जो कुरीतियांँ और विकृतियाँ व्याप्त हुई हैं, उन्हें दूर करना है और देश को गौरवान्वित करना है। उन्होंने कहा कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शांति और सद्भाव का प्रतीक है। अपने बलिदानी क्रांतिकारियों और महापुरुषों को याद करते हुए और देश की सेवा में अपनी आहुति देने वाले शहीद जवानों को भी याद करते हुए उन्हें नमन करना है। तिरंगा अभियान के माध्यम से हम लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करेंगे।
*बूथ स्तर तक जाकर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाना है : नवीन मार्कण्डेय*
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कहा कि यह अभियान पूरे छत्तीसगढ़ और देशभर में चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में बूथ स्तर तक जाकर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाना है। आजादी के अमृत महोत्सव से ही हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत हो चुकी है यह कार्यक्रम पिछले 05 वर्षों से निरंतर चल रहा है। इसके साथ ही जन जागरण के कार्यक्रम भी रखे जाएंगे जिनमें विभिन्न समाज के लोगों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता देकर कार्यक्रम की सफलता में योगदान देंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्याम नारंग ने भी हर घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा को लेकर विस्तार से बताया। इस दौरान बैठक में विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू, रायपुर शहर जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेन्द्र पाटनी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
——————-
Author Profile
Latest entries
रायपुर2026.08.06प्रोजेक्ट धड़कन“ के अंतर्गत 1854 बच्चों की हुई निःशुल्क हृदय जांच
उप मुख्यमंत्री2026.08.06हर घर तिरंगा अभियान“ एवं “तिरंगा यात्रा“ को लेकर भाजपा की बैठक हुई…यह अभियान भारत की आजादी के गौरव को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है : अरुण साव
छत्तीसगढ़2026.08.06जनहितैषी सरकार का प्रमाण: साय सरकार के फैसले से पूरे प्रदेश में हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार : धरमलाल कौशिक
भाजपा प्रवक्ता2026.08.06सीजीपीएससी के आधिकारिक स्पष्टीकरण ने कांग्रेस के दुष्प्रचार की खोली पोल,भाजपा..प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा : तथ्य सामने आने के बाद कांग्रेस युवाओं से मांगे माफी
