
बिलासपुर, 21 मई 2022
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर सहित राज्य के 26 लाख 68 हजार से अधिक किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों, पशुपालकों एवं समूह से जुड़ी महिलाओं को 1804 करोड़ 50 लाख रूपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की। इनमें बिलासपुर जिले के 1 लाख 10 हजार से ज्यादा किसानों की 72 करोड़ 62 लाख रूपये की इनपुट सहायता राशि भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने राज्य के किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों, पशुपालकों एवं महिला समूहों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने न्याय योजना के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति के सामाजिक एवं आर्थिक अधिकार को सुनिश्चित किया है।

जिला स्तरीय राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में एपेक्स बैंक के अध्यक्ष श्री बैजनाथ चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में जल संसाधन विभाग के प्रार्थना भवन में आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित होकर मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। मुख्यमंत्री के बटन दबाते ही किसानों, मजदूरों और पशुपालकों में खुशी की लहर दौड़ गई। श्री बैजनाथ चंद्राकर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी ने देश के विकास को नई दिशा दी। संचार क्रांति एवं पंचायती राज उनकी सोच का ही नतीजा है। मुख्यमंत्री श्री बघेल श्री राजीव गांधी जी की सोच के अनुरूप छत्तीसगढ़ के विकास का बीड़ा उठाया है। विशेषकर किसानों एवं मजदूरों को कर्ज से मुक्ति दिलाकर विकास के नये आयाम गढ़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ की रीति-नीति एवं परम्पराओं को सम्मान देकर छत्तीसगढ़िया लोगों का गौरव बढ़ाया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितैषी नीतियों के चलते सभी वर्गों में खुशहाली एवं बदलाव दिखायी दे रहा है।
संसदीय सचिव डॉ. रश्मि सिंह ने कहा कि देश में छत्तीसगढ़ पहला राज्य है, जहां गोबर की खरीदी शुरू हुई। इसकी देखा-देखी देश के कई राज्य गोबर की खरीदी शुरू किये हैं। बिना किसी प्रकार की भेद-भाव के सभी लोगों का राज्य में समान रूप से विकास किया जा रहा है। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री प्रमोद नायक ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि मुुख्यमंत्री अपने किये गये वादों पर खरा उतर रहे हैं। किसानों की समृद्धि के लिए तमाम योजनाएं संचालित कर रहे हैं। किसानों को जब-जब पैसे की जरूरत होती है, तब-तब इनपुट सहायता के रूप में राशि दे रहे हैं। इस अवसर पर विधायक श्री शैलेश पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अनुज सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष श्री विजय पाण्डेय एवं विजय केशरवानी, कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर, जिला पंचायत सीईओ श्री हैरिस, नगर निगम आयुक्त श्री अजय त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। जिला सहकारी बैंक के सीईओ श्री प्रभात मिश्र ने आभार प्रदर्शन किया।
Author Profile

Latest entries
प्रधानमंत्री2026.03.27प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा श्रीराम नवमी पर एक ऐतिहासिक निर्णय
रायपुर2026.03.24आखिरी कमांडर का सरेंडर: शांति अब स्थायी कैसे हो
प्रेस क्लब2026.03.24बिलासपुर प्रेस क्लब के पुनर्निर्माण का बेलतरा विधायक शुक्ला ने मुआयना किया..प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा समेत पदाधिकारी,सदस्य मौजूद रहे..
बिलासपुर2026.03.17धान खरीदी, भंडारण व उठाव पर विधानसभा में गूंजा मुद्दा..किसानों के हित में पारदर्शिता पर जोर
