Anil Ambani Group ED action: अनिल अंबानी ग्रुप को बड़ा झटका, ED ने कुर्क किए 2 चार्टर्ड विमान और 6 प्लॉट, जानें कितने की संपत्ति अटैच

Anil Ambani Group ED action: अनिल अंबानी ग्रुप को बड़ा झटका, ED ने कुर्क किए 2 चार्टर्ड विमान और 6 प्लॉट, जानें कितने की संपत्ति अटैच

नई दिल्ली। उद्योगपति अनिल अंबानी ग्रुप (Anil Ambani Group) पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा कसता जा रहा है। बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने ग्रुप की 510 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। इस बड़ी कार्रवाई में 2 निजी चार्टर्ड विमान (Private Jets) और महाराष्ट्र में स्थित 6 प्लॉट भी शामिल हैं।

 

बैंकों के साथ धोखाधड़ी का गंभीर मामला

ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप (RAAG) से जुड़ी कंपनियों द्वारा वित्तीय संस्थानों और बैंकों के साथ की गई धोखाधड़ी के मामलों में की गई है। इसके तहत धन शोधन निवारण कानून (PMLA) के अंतर्गत अस्थायी आदेश जारी किया गया है। इस ताजा कार्रवाई के बाद अब तक इस मामले में कुर्क की गई कुल संपत्तियों का आंकड़ा बढ़कर 23,100 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

 

विमान और पवन चक्कियां भी हुईं कुर्क

जांच एजेंसी के मुताबिक, आरकॉम (RCom) मामले में 2 चार्टर्ड विमान (डसॉल्ट फाल्कन 2000 और एम्ब्रेयर), महाराष्ट्र में 6 प्लॉट और एक ऑफिस कैंपस को कुर्क किया गया है। वहीं, रिलायंस होम फाइनेंस (RHFL) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस (RCFL) से जुड़े मामलों में तमिलनाडु की 2 पवन चक्कियां, बैंक बैलेंस, एफडी (Fixed Deposit) और निवेश शामिल हैं।

 

सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का आरोप

ईडी का आरोप है कि समूह ने बैंकों से मिले जनता के पैसों का गलत इस्तेमाल किया और उसे अन्य माध्यमों से टैक्स हेवन (Tax Havens) यानी विदेशी ठिकानों तक पहुंचाया। एजेंसी का दावा है कि इस रकम का एक बड़ा हिस्सा प्रमोटर्स और उनके परिजनों के निजी फायदों के लिए इस्तेमाल हुआ। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और 6 चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *