Nepal Helicopter Accident: नेपाल में हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक की मौत; हादसे का वीडियो वायरल

Nepal Helicopter Accident: नेपाल में हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक की मौत; हादसे का वीडियो वायरल

नेपाल। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होने से बड़ा हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान दोनों हेलीकॉप्टर हवा में ही एक-दूसरे से टकरा गए। दुर्घटना में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल बताया जा रहा है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

फेरीचे इलाके में सुबह 8:11 बजे हुआ हादसा

 

नेपाली अखबार द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर के थे। दोनों हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे इलाके में एक हेलीपोर्ट के पास टकरा गए। यह स्थान नेपाल की राजधानी काठमांडू से करीब 250 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।

 

एक विदेशी नागरिक की मौत, दूसरा यात्री घायल

 

जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तमांग ने हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, मृतक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। दुर्घटना में घायल एक अन्य यात्री को प्राथमिक उपचार के लिए प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से लुक्ला पहुंचाया गया।

 

पुलिस कर रही हादसे की जांच

 

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स की कुल संख्या को लेकर भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का वीडियो

 

हेलीकॉप्टरों की टक्कर का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। घटना के बाद विमानन सुरक्षा और दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *