Raipur News : प्रेस क्लब में सदस्यता विवाद पर बवाल, पदाधिकारियों पर पिस्टल तानने और हवाई फायरिंग का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

Raipur News : प्रेस क्लब में सदस्यता विवाद पर बवाल, पदाधिकारियों पर पिस्टल तानने और हवाई फायरिंग का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब परिसर में सदस्यता विवाद को लेकर हंगामे और हवाई फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि सदस्यता नहीं मिलने से नाराज पलाश तिवारी ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों के साथ बदसलूकी की, उन पर पिस्टल तानी और फिर हवा में गोली चला दी। घटना के बाद शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 

जानकारी के अनुसार, पलाश तिवारी प्रेस क्लब की सदस्यता नहीं मिलने से नाराज था। शनिवार शाम वह प्रेस क्लब पहुंचा, जहां उसकी कुछ पदाधिकारियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान उसने कोषाध्यक्ष दिनेश यदु और कार्यालय सचिव शिव दत्ता पर पिस्टल तान दी। इसके बाद शाम करीब 5 बजे हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।

 

घटना को लेकर प्रेस क्लब की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया कि 24 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे परिसर में हवाई फायरिंग की जानकारी मिली थी। इस घटना से परिसर में मौजूद सदस्यों के बीच भय का माहौल बन गया और प्रेस क्लब की शांति प्रभावित हुई।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर रात पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *