प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार रायपुर पहुंचीं स्मृति ईरानी,पार्टी के वरिष्ठ नेताओ से लेकर कोर ग्रुप तक के साथ करेंगी अहम बैठकें

प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार रायपुर पहुंचीं स्मृति ईरानी,पार्टी के वरिष्ठ नेताओ से लेकर कोर ग्रुप तक के साथ करेंगी अहम बैठकें

रायपुर – बीजेपी की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी रायपुर पहुंच गई हैं। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला दौरा है। एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं ने उनका सादगीपूर्ण तरीके से स्वागत किया। स्मृति ईरानी दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं, जहां वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगी।

दौरे के पहले दिन संगठन की समीक्षा, पार्टी की कार्यप्रणाली और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा होगी। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक स्मृति ईरानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी। दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक बीजेपी प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी। वहीं, शाम 3:30 बजे से 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक होगी। इसके बाद शाम 5:30 बजे से 7 बजे तक बीजेपी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद का कार्यक्रम रखा गया है। दिन के अंत में शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे तक बीजेपी कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। स्मृति ईरानी के इस दौरे को छत्तीसगढ़ में बीजेपी के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दो दिवसीय प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों में संगठन की स्थिति, पदाधिकारियों के बीच समन्वय और पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *