नशे में जहरीले नाग को गले में लटकाया, डसा तो तबीयत बिगड़ी फिर….

नशे में जहरीले नाग को गले में लटकाया, डसा तो तबीयत बिगड़ी फिर….

**पेंड्रा-मरवाहीः नशे में जहरीला सांप गले में लटकाकर गांव घूमता रहा युवक, कई बार डसा गया, अस्पताल से भी फरार**

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में एक हैरान करने वाली और बेहद जोखिम भरी घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत ग्रामीण संतराम भैना ने पड़ोसी के घर में घुसे फन वाले जहरीले सांप को पकड़कर अपने गले में लटका लिया और काफी देर तक गांव में घूमता रहा। इस दौरान सांप ने उसे कई बार डसा, लेकिन नशे की हालत में वह खतरे को गंभीरता से नहीं समझ पाया।

जानकारी के अनुसार, संतराम भैना शराब के नशे में था। तभी उसे पता चला कि पड़ोसी के घर में जहरीला सांप घुस गया है। सांप को पकड़ने के लिए वह मौके पर पहुंचा, उसे पकड़ा और अपने गले में फंसा लिया। इसके बाद वह सांप को गले में लटकाए गांव भर में घूमता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान सांप ने उसे कई बार काट लिया।

कुछ समय बाद जब संतराम की तबीयत बिगड़ने लगी और शरीर पर सांप के जहर का असर दिखने लगा, तो आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि बताया जा रहा है कि बाद में संतराम मौका पाकर अस्पताल से भाग निकला और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

परिजन और गांव वाले उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। अस्पताल से भाग जाने के बाद उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है, क्योंकि उसे सांप ने डसा था और समय पर पूरा इलाज न मिलने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।

**वीडियो वायरल**

संतराम के सांप को गले में डालकर घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह जहरीले सांप को गले में लटकाए साफ दिखाई दे रहा है। इसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं और इस तरह की हरकत को बेहद खतरनाक बता रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जहरीले सांप के काटने के बाद किसी भी हालत में इलाज में देरी नहीं करनी चाहिए। सांप के डसने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचना और चिकित्सकीय निगरानी में रहना जरूरी है। फिलहाल ग्रामीण और परिजन संतराम भैना की तलाश कर रहे हैं और उसके सुरक्षित मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *