जगदलपुर में 2.38 करोड़ का 476 किलो गांजा जब्त, 3 नाबालिगों समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर में 2.38 करोड़ का 476 किलो गांजा जब्त, 3 नाबालिगों समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बस्तर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जगदलपुर में पुलिस ने 476 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। गांजे की यह खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों समेत कुल सात लोगों को पकड़ा है। बस्तर पुलिस इसे इस साल की अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती की कार्रवाई बता रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी

पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर को बोधघाट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से कुरंदी के रास्ते एक सफेद पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आड़ावाल रेलवे फाटक के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

पिकअप के आगे चल रही थी बाइक, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

जांच के दौरान पुलिस ने बाइक पर सवार दो युवकों को देखा। पुलिस के अनुसार, दोनों संदिग्ध पिकअप वाहन से आगे चल रहे थे और रास्ते में पुलिस की मौजूदगी पर नजर रखते हुए उसकी पायलटिंग कर रहे थे। उनका मकसद आगे की जानकारी पिकअप में सवार लोगों तक पहुंचाना था।

पुलिस ने पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोगों ने भागने की कोशिश की। हालांकि, पहले से की गई घेराबंदी के चलते पुलिस ने बाइक और पिकअप में सवार सभी लोगों को पकड़ लिया।

15 बोरियों में मिले गांजे के 450 पैकेट

पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 15 बोरियों में छिपाकर रखे गए गांजे के 450 पैकेट मिले। वजन करने पर कुल 476 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये आंकी है।

गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इसके साथ ही छह पुराने टचस्क्रीन मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

ओडिशा के मलकानगिरी के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने पकड़े गए चार आरोपियों की पहचान भगवान पांगी (25), घांसी खिलो (21), रोहिणी गल्लौरी (27) और चित्रसेन गल्लौरी (22) के रूप में की है। इनके साथ तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कोरकोंडा थाना क्षेत्र के कांटामाड़ी गांव के निवासी हैं।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी

एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(iii)(C) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क, गांजे की सप्लाई और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ओडिशा से गांजे की खेप किन रास्तों से होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचाई जानी थी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *