बिलासपुर के अटल आवास में भीषण आग: 5-6 बाइक जलकर खाक, दहशत में छत से कूदे महिलाएं-बच्चे; ई-बाइक चार्ज करने के दौरान ब्लास्ट की की आशंका

बिलासपुर के अटल आवास में भीषण आग: 5-6 बाइक जलकर खाक, दहशत में छत से कूदे महिलाएं-बच्चे; ई-बाइक चार्ज करने के दौरान ब्लास्ट की की आशंका

**बिलासपुर के अटल आवास में भीषण आग: 5-6 बाइक जलकर खाक, दहशत में छत से कूदे महिलाएं-बच्चे; शॉर्ट सर्किट की आशंका**

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में देवकीनंदन दीक्षित मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास में रविवार (18 अक्टूबर 2026) देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से आवास के बाहर खड़ी करीब 5 से 6 बाइक जलकर खाक हो गईं। दहशत के माहौल में कई महिलाओं और बच्चों ने छत से छलांग लगा दी, जबकि एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया। दमकल टीम ने आग पर काबू पाया और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 75 से अधिक लोगों का रेस्क्यू किया गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

 

घटना रविवार रात करीब एक बजे ग्राउंड फ्लोर पर हुई। बताया जा रहा है कि जिस जगह बाइक खड़ी थीं, वहीं रहवासियों के बिजली मीटर और कनेक्शन लगे हैं। अचानक चिंगारी उठी और धुआं फैलने लगा। प्रारंभिक आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी नीचे खड़ी बाइकों तक पहुंच गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। बाइकों के पेट्रोल और टायर जलने से पटाखों जैसी आवाजें आने लगीं, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

अटल आवास के 24 ब्लॉक में उस समय 75 से ज्यादा लोग मौजूद थे। आग और धुएं के बीच कई महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग फंस गए। कुछ रहवासी कमरों में चादर ओढ़कर छिप गए, जबकि दहशत में कई लोगों ने छत से छलांग लगा दी। स्थानीय युवक मिक्की मिश्रा और उनके साथियों ने रस्सी और साड़ी के सहारे महिलाओं-बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा। एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस (टीआई प्रदीप आर्या सहित), सिविल लाइन सीएसपी, नगर सेना के आपदा प्रबंधन दल और दमकल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद कराई, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान तेज किया गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। रहवासियों ने दमकल के पहुंचने में देरी का आरोप भी लगाया, लेकिन समय रहते नियंत्रण न होने पर बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग का सटीक कारण और नुकसान का आकलन अभी चल रहा है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद कई रहवासी घर लौटने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *